नागपुर मंडल में डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता का सघन निरीक्षण दौरा, डोंगरगढ़ मेले में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा का लिया जायजा

नागपुर मंडल में डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता का सघन निरीक्षण दौरा, डोंगरगढ़ मेले में यात्री सुविधाओं और सुरक्षा का लिया जायजा

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दीपक कुमार गुप्ता ने 20 मार्च को सघन एवं व्यापक निरीक्षण दौरा किया। यह निरीक्षण प्रातः 7:30 बजे विशेष निरीक्षण यान द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी स्टेशन से शुरू हुआ।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से रसमरा रेलखंड तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए ट्रैक की गुणवत्ता, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड विद्युत उपकरण, संरक्षा मानकों तथा ट्रेन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन अवलोकन किया। वापसी के दौरान भी इसी खंड का पुनः निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का आकलन किया गया।

कार्यक्रम के तहत रसमरा, राजनांदगांव और डोंगरगढ़ स्टेशनों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर की स्वच्छता, प्लेटफॉर्म व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, टिकटिंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा की गई। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

डोंगरगढ़ स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने लोको पायलट और गार्ड के लिए उपलब्ध विश्राम, खानपान एवं अन्य सुविधाओं का मूल्यांकन किया, ताकि कर्मचारियों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।

विशेष रूप से डोंगरगढ़ मेले के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए डीआरएम ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, अतिरिक्त टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट, यात्री मार्गदर्शन और रेल संचालन की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। मेला अवधि में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

यह निरीक्षण दौरा नागपुर मंडल में संरक्षा, सेवा गुणवत्ता और परिचालन दक्षता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर डीआरएम के साथ वरिष्ठ मंडल अभियंता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।