नवरात्रि पर पयागपुर को बड़ी सौगात। 37.65 करोड़ से सड़क चौड़ीकरण मंजूर विधायक सुभाष त्रिपाठी की पहल रंग लाई।

बहराइच। नवरात्रि के शुभ अवसर पर पयागपुर विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात मिली है। ग्राम लख्खारामपुर से पुरैना बाजार, विशेश्वरगंज चौराहा, श्रीनगर बिंद्रा बाजार होते हुए गंगाजमुनी बॉर्डर तक लगभग 20.88 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 37.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही थी, जिसे लगातार जनसमस्याओं के रूप में उठाते हुए पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने प्रमुखता से शासन स्तर तक पहुंचाया। उनके सतत प्रयासों और प्रभावी पैरवी का ही परिणाम है कि यह महत्वपूर्ण परियोजना अब धरातल पर उतरने जा रही है।सड़क चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापारियों के लिए भी यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि बेहतर सड़क संपर्क से माल ढुलाई आसान होगी और स्थानीय बाजारों में व्यापार को नई गति मिलेगी।यह सड़क क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और गांवों को जोड़ती है, ऐसे में आवागमन सुगम होने से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि किसानों, छात्रों और आमजन को भी बड़ी राहत मिलेगी।इस योजना को स्वीकृति दिलाने में कैसरगंज के सांसद करण भूषण सिंह का भी सहयोग रहा। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस परियोजना को हरी झंडी मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।क्षेत्रवासियों ने विधायक सुभाष त्रिपाठी की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना पयागपुर के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में पूरे इलाके की तस्वीर बदल देगी।