ठाणे और डोंबिवली स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार के लिए स्पेशल ब्लॉक, लोकल व एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं प्रभावित

मुंबई। सेंट्रल रेलवे के मुंबई मंडल द्वारा ठाणे और डोंबिवली स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार कार्य के चलते 21/22 मार्च 2026 की मध्यरात्रि से रविवार सुबह तक स्पेशल ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह कार्य 15 कोच वाली ट्रेनों के संचालन को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक 22 मार्च 2026 को रात 12:00 बजे से सुबह 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान मुलुंड-ठाणे तथा दिवा-डोंबिवली सेक्शन के अप और डाउन स्लो लाइनों पर कार्य किया जाएगा।

ब्लॉक के कारण उपनगरीय लोकल सेवाओं पर व्यापक असर पड़ेगा। कई लोकल ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को डायवर्ट किया जाएगा। डाउन स्लो लाइन की कई सेवाओं को मुलुंड से फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा और ये ट्रेनें कोपर व ठाकुरली स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। इसी तरह अप स्लो लाइन की सेवाओं को कल्याण से फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा और वे भी कुछ स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।

ब्लॉक अवधि के दौरान फास्ट लाइन की ट्रेनें अतिरिक्त रूप से कलवा, मुंब्रा और दिवा स्टेशनों पर भी ठहराव करेंगी। वहीं 22 मार्च को डोंबिवली से प्रारंभ या समाप्त होने वाली सभी लोकल सेवाएं पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके अलावा मुलुंड-ठाणे और दिवा-कल्याण सेक्शन के बीच सभी अप और डाउन लोकल सेवाएं भी ब्लॉक के दौरान बंद रहेंगी।

मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। डाउन दिशा की ट्रेनें सीएसएमटी/दादर से चलकर विद्याविहार-ठाणे के बीच पांचवीं लाइन से होकर चलेंगी, जबकि अप दिशा की ट्रेनें कल्याण-ठाणे/विद्याविहार के बीच छठी लाइन से होकर संचालित की जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह ब्लॉक ट्रैक और स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और असुविधा के लिए सहयोग करें।