उत्तर मध्य रेलवे में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक, हिंदी के व्यापक प्रयोग पर जोर

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में शुक्रवार को क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि डिजिटल और एआई आधारित आधुनिक युग में भी हस्तलिखित शब्दों का महत्व कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि लिखावट व्यक्ति की रचनात्मकता, संवेदनशीलता और व्यक्तित्व की पहचान होती है, इसलिए इस परंपरा को संरक्षित रखना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाए और गृह मंत्रालय तथा रेलवे बोर्ड से प्राप्त सभी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं से जुड़ी सभी सूचनाएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाएं तथा समय-समय पर निरीक्षण कर कमियों को दूर किया जाए।

महाप्रबंधक ने यह भी निर्देश दिया कि निरीक्षण रिपोर्ट सहित सभी स्तरों पर अधिकतम कार्य हिंदी में किया जाए। साथ ही पत्राचार, टिप्पणियां, डिक्टेशन और विभागीय कार्यवाहियों में हिंदी अथवा द्विभाषी प्रणाली को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।

रेल संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज?जैसे परिपत्र, नियमावली, गेट संचालन निर्देश और मैनुअल?संरक्षा, परिचालन, यांत्रिक, सिग्नल और विद्युत विभागों द्वारा हिंदी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण संस्थानों के सभी पाठ्यक्रमों की सामग्री भी सरल और सुगम हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में महाप्रबंधक ने मुख्यालय की त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका ?रेल संगम? के सामान्य प्रशासन एवं सतर्कता विभाग विशेषांक का विमोचन किया। इस दौरान राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक अधिकारी और तीन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

बैठक के दौरान रेल स्प्रिंग कारखाना, सिथौली (ग्वालियर) के मुख्य कारखाना प्रबंधक शिवाजी कदम ने कारखाने की कार्यप्रणाली, उत्पादन, परिसंपत्तियों तथा ऊर्जा एवं पर्यावरण प्रबंधन पर हिंदी में प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसकी सभी अधिकारियों ने सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी जे सी एस बोरा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए राजभाषा के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सचिवालय हिंदी परिषद की अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में उत्तर मध्य रेलवे के कर्मचारियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक, कारखानों के मुख्य प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री यथार्थ पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।