विंध्याचल चैत्र नवरात्रि मेला: यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारियां

प्रयागराज। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विंध्याचल धाम आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। रेलवे प्रशासन ने 19 मार्च 2026 से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले विंध्याचल चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं की हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार विंध्याचल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए समय-सारणी, किराया सूची, प्रवेश और निकास मार्ग, आरक्षित तथा अनारक्षित टिकट काउंटरों से संबंधित संकेतक बोर्ड स्टेशन परिसर के प्रमुख स्थानों पर लगाए जा रहे हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर तीन अनारक्षित टिकट काउंटर, एक आरक्षित टिकट काउंटर, एक खोया-पाया केंद्र और एक पूछताछ केंद्र संचालित रहेगा। यात्रियों को आसानी से टिकट उपलब्ध कराने के लिए टिकट काउंटरों पर कार्य करने हेतु बारह अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जबकि टिकट जांच के लिए बारह कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। आरक्षण काउंटर दोनों पालियों में संचालित किया जाएगा।

खानपान की सुविधा के लिए विंध्याचल स्टेशन पर चार स्टॉल पहले से ही यात्रियों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी रूप से तीन अतिरिक्त पेयजल केंद्र, पंद्रह पुरुष शौचालय, पंद्रह महिला शौचालय और दस स्नानघर की व्यवस्था भी की जाएगी।

वर्तमान में विंध्याचल स्टेशन पर पच्चीस जोड़ी ट्रेनों का नियमित ठहराव है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच अतिरिक्त ट्रेनों को भी यहां ठहराव दिया गया है, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।

नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन तथा भारत स्काउट और गाइड के स्वयंसेवक स्टेशन पर तैनात रहेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के पर्याप्त जवान भी स्टेशन परिसर में तैनात किए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य नवरात्रि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।