फिरोजपुर मंडल के पार्सल कार्यालयों में 90 प्रतिशत लेन-देन डिजिटल माध्यम से

फिरोजपुर मंडल के पार्सल कार्यालयों में 90 प्रतिशत लेन-देन डिजिटल माध्यम से

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में पार्सल कार्यालयों में भुगतान व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए डिजिटल भुगतान प्रणाली को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी पहल के तहत मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर स्थित पार्सल कार्यालयों में अधिकांश लेन-देन अब ऑनलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू होने से व्यापारी द्वारा किए गए वास्तविक लेन-देन के अनुरूप ही भुगतान सुनिश्चित होता है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनती है। वर्तमान में फिरोजपुर मंडल के पार्सल कार्यालयों में लगभग 90 प्रतिशत भुगतान डिजिटल माध्यमों से किए जा रहे हैं।

हालांकि यदि किसी तकनीकी कारण से डिजिटल भुगतान संभव नहीं हो पाता है, तो ऐसी स्थिति में नकद भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध रखी गई है। यह व्यवस्था फिरोजपुर मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर लागू है।

रेलवे प्रशासन शेष लगभग 10 प्रतिशत व्यापारियों को भी धीरे-धीरे डिजिटल प्रणाली अपनाने के लिए जागरूक और प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि पार्सल लेन-देन की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया जा सके।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) मनु गर्ग ने बताया कि फिरोजपुर मंडल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल भुगतान प्रणाली से जोड़ना है। इससे भुगतान व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारु बनती है तथा व्यापारियों और रेलवे दोनों को सुविधा मिलती है।