ट्रेन में टीटीई ने क्या किया देखिए, सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी क्या बोले......

रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और जिम्मेदारी का एक अच्छा उदाहरण सामने आया है। ट्रेन में यात्रा के दौरान एक यात्री का कीमती सामान से भरा बैग छूट गया था, जिसे टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता से ढूंढकर सुरक्षित वापस कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 10 मार्च को ट्रेन संख्या 12715 सचखंड एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक यात्री का बैग ट्रेन में ही छूट गया था। बैग में यात्री के कई महत्वपूर्ण और कीमती सामान मौजूद थे। बैग के गुम होने के बाद यात्री ने सहायता के लिए रेल हल्पलाइन के माध्यम से संपर्क किया।

रेलमदद के जरिए सूचना मिलते ही वाणिज्य नियंत्रण कक्ष ने तुरंत इस मामले को गंभीरता से लिया और ट्रेन में ड्यूटी कर रहे टिकट चेकिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही ट्रेन में कार्यरत सीआईटी सुनील सलवान ने तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए बैग की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों और खोजबीन के बाद आखिरकार खोया हुआ बैग ढूंढ निकाला गया।

इसके बाद बैग को यात्री तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया के तहत आरपीएफ की पानीपत पोस्ट को सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उचित पहचान के बाद बैग यात्री को सौंपा जा सके।

इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने टिकट चेकिंग स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेलवे कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और सेवा भावना की वजह से ही यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा का अनुभव मिलता है।

उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों का उद्देश्य केवल टिकट जांच करना ही नहीं बल्कि यात्रियों की सहायता करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना भी है। ऐसे उदाहरण रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी और ईमानदारी को दर्शाते हैं।