मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग अलर्ट, सब-इंस्पेक्टर परीक्षा को लेकर ड्यूटी चेक करने पहुंचे अधिकारी

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में आयोजित सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर मुरादाबाद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अग्निशमन विभाग भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। उत्तर प्रदेश एडीजी फायर पद्मजा चौहान के निर्देश पर रविवार को अग्निशमन अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगाई गई ड्यूटी का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर. के. पाण्डेय तथा मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा अचानक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और वहां तैनात अग्निशमन कर्मियों की ड्यूटी की जांच की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, उपकरणों की उपलब्धता और कर्मचारियों की सतर्कता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।

अग्निशमन विभाग के इस औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ी और परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।