मुरादाबाद में फायर विभाग का निरीक्षण, इलेक्ट्रॉनिक संस्थान में अग्नि सुरक्षा को लेकर दी गई जानकारी

मुरादाबाद में फायर विभाग का निरीक्षण, इलेक्ट्रॉनिक संस्थान में अग्नि सुरक्षा को लेकर दी गई जानकारी

मुरादाबाद। बढ़ती गर्मी के मौसम को देखते हुए शनिवार को मुरादाबाद में अग्नि सुरक्षा को लेकर फायर विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश की एडीजी फायर पद्मजा चौहान के आदेश पर की गई।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर. के. पाण्डेय तथा अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा की टीम ने मुरादाबाद के दिल्ली रोड स्थित एक निजी इलेक्ट्रॉनिक सामान के संस्थान का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान फायर विभाग के अधिकारियों ने संस्थान के कर्मचारियों और प्रबंधन को आग से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा सुरक्षा मानकों का पालन करने के बारे में भी जागरूक किया। और साथ ही शोरूम स्वामी को कहा गया है जो कमियां है उन्हें तीन दिवस के अंदर दूर कर ले अन्यथा फायर विभाग द्वारा करवाई भी की जा सकती हैं।

गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट और लापरवाही के कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सभी संस्थानों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

फायर विभाग ने संस्थान प्रबंधन को निर्देश दिए कि अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू और सही स्थिति में रखें, बिजली के तारों की समय-समय पर जांच कराएं तथा आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा खुला और सुरक्षित रखें।

फायर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि संभावित आगजनी की घटनाओं को रोका जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।