अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश ने साबरमती स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने अधिकारियों की टीम के साथ साबरमती रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने साबरमती स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास परियोजना के तहत गर्डर और ट्रस लॉन्चिंग की योजना की समीक्षा की। इस दौरान ट्रेन संचालन को प्रभावित किए बिना निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए ट्रेन मूवमेंट और ब्लॉक प्लानिंग पर भी अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर निर्माण विभाग के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर श्री डी.आर. चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

साबरमती स्टेशन के पुनर्विकास के बाद यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना के तहत स्टेशन के कॉन्कोर्स क्षेत्र में एक विशाल वेटिंग हॉल और फूड प्लाजा विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर आराम और खानपान की सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रस्तावित कॉन्कोर्स का क्षेत्रफल लगभग 110*36 वर्ग मीटर होगा।

इसके अलावा स्टेशन परिसर में हाई-रूफ संरचना का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसका आकार 122 *171 मीटर तथा 88*110 मीटर होगा। इससे ट्रैकों के ऊपर लगभग 30,542 वर्ग मीटर क्षेत्र कवर किया जाएगा। यह विशाल छत प्लेटफॉर्म स्तर से लगभग 65 फीट की ऊंचाई पर स्थापित की जा रही है, जिससे यात्रियों को बेहतर संरक्षण और सुविधा प्राप्त होगी।

स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 20 लिफ्ट, 20 एस्केलेटर और 20 सीढ़ियों की व्यवस्था की जा रही है। इन आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म क्षेत्र, यात्री सुविधाओं तथा अन्य बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए तेज गति से पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द आधुनिक और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।