हरदोई में बाइक सवार दंपति से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, तीन को दौड़ाकर पकड़ा

हरदोई। संडीला थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार 25 फरवरी 2026 को ग्राम टिकराकला निवासी सर्वेश पाल ने संडीला थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी उमा के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदार की शादी से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में टिकराकला के पास एक कार सवार अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा उनकी पत्नी की पायल और टॉप्स छीनकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई और संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़े आरोपी गद्दीखेड़ा मोड़ के पास मौजूद हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने एक कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें विवेक पुत्र महेश निवासी फत्तेपुर पुआवां (थाना अतरौली) के बाएं पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से शिवम, शुभम और सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल दिवाकर मिश्रा भी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीओ रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से 17,100 रुपये नकद, एक डिजायर कार, मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।