मां वैष्णो देवी भवन परिसर में बन रही ‘न्यू वैष्णवी’ इमारत, एक साथ 600 श्रद्धालुओं के ठहरने की होगी सुविधा

कटड़ा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा भवन परिसर में आधुनिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में भवन क्षेत्र के गौरी भवन परिसर में ?न्यू वैष्णवी? नामक एक आधुनिक आवासीय इमारत का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे एक साथ करीब 600 श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

श्राइन बोर्ड द्वारा लगभग 24.20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही इस बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। अब तक लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। बोर्ड का लक्ष्य है कि वर्ष के अंत तक यह इमारत पूरी तरह तैयार हो जाए, जिससे श्रद्धालुओं को जल्द ही इसका लाभ मिल सके।

नई इमारत में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डॉरमेट्री बेड के साथ-साथ दो, चार, छह और आठ बेड वाले कमरे बनाए जा रहे हैं। इससे परिवार या समूह में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक ठहरने की व्यवस्था मिल सकेगी। इसके अलावा इमारत में स्नानागार, शौचालय और अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यहां ठहरने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इमारत की छत पर आधुनिक रेस्टोरेंट और भोजनालय भी विकसित किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं को भोजन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए पार्वती भवन क्षेत्र में बैटरी कार स्टैंड के पास करीब 60 फीट ऊंची आधुनिक लिफ्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। इस लिफ्ट के माध्यम से श्रद्धालु सीधे न्यू वैष्णवी इमारत और गौरी भवन परिसर की अन्य इमारतों तक पहुंच सकेंगे।

प्रत्येक लिफ्ट में एक बार में लगभग 26 श्रद्धालु सफर कर सकेंगे और इसका संचालन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा इमारत में दो अन्य लिफ्ट भी स्थापित की जा रही हैं।

श्राइन बोर्ड के एडिशनल सीईओ आलोक कुमार मौर्य ने बताया कि भवन परिसर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ठहरने की क्षमता बढ़ाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से न्यू वैष्णवी इमारत और आधुनिक लिफ्ट का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि चालू वर्ष के अंत तक निर्माण कार्य पूरा कर श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया जाए, जिससे वैष्णो देवी यात्रा और अधिक सुगम और सुविधाजनक बन सके।

इस नई सुविधा के शुरू होने से प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं के लिए माता वैष्णो देवी यात्रा और भी आरामदायक और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।