मुरादाबाद में अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल, उपकरणों की सफाई और क्रियाशीलता की जांच

मुरादाबाद में अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल, उपकरणों की सफाई और क्रियाशीलता की जांच

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के पत्र संख्या सीए-डीजीएफएस-निर्देश/2026 21 जनवरी 2026 के अनुपालन में जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध वाहनों और उपकरणों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय कार्यकुशलता और शारीरिक दक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से मॉक ड्रिल और उपकरणों की जांच कराई जा रही है।

इसी क्रम में 13 मार्च, शुक्रवार को जिलाधिकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ आर के पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर विशेष अभ्यास कराया गया। इस दौरान हैलेट रोड मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी और कांठ स्थित अग्निशमन केंद्रों पर तैनात सभी फायर कर्मियों को एकत्रित कर फॉलिन कराया गया और उन्हें लेडर ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान फायर कर्मियों को लेडर के सभी हिस्सों के नाम, उनकी संरचना और उपयोग की विधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लेडर में लगी रस्सियों की मजबूती और कार्यक्षमता की भी जांच की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में इनका सुरक्षित और प्रभावी उपयोग किया जा सके।

इसके अतिरिक्त अग्निशमन और जीवन रक्षा से संबंधित सभी उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी कार्यशीलता का परीक्षण भी किया गया। अधिकारियों द्वारा उपकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि सभी संसाधन पूर्ण रूप से क्रियाशील रहें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग में लाए जा सकें।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की नियमित मॉक ड्रिल और उपकरणों की जांच से अग्निशमन कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ती है तथा किसी भी आगजनी या आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। साथ ही इससे फायर कर्मियों की शारीरिक क्षमता और टीम समन्वय भी बेहतर होता है।

अग्निशमन विभाग द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित प्रशिक्षण और निरीक्षण कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे, ताकि आपात स्थितियों में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बेहतर और त्वरित सेवाएं प्रदान की जा सकें।