हरदोई में 50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, शाहाबाद डकैती कांड में चल रहा था फरार, दो आरोपी पहले ही मुठभेड़ में हो चुके है गिरफ्तार

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के मलकापुर गांव में हुई डकैती की घटना से जुड़े एक और वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इससे पहले इसी मामले में दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2026 की सुबह थाना शाहाबाद क्षेत्र के मलकापुर गांव निवासी अनीस खां पुत्र नसीर खां के घर में 4-5 अज्ञात बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर घर में रखे लगभग 30 हजार रुपये नकद और आभूषण लूट लिए थे। इस मामले में अनीस खां की तहरीर पर शाहाबाद थाने में पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था।
इसी क्रम में शाहाबाद पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान घटना से जुड़े वांछित आरोपी मुकीम पुत्र दीन मोहम्मद निवासी पशुपतिनाथ मंदिर क्षेत्र, जनपद बरेली को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरेली में सर्राफ की दुकान चलाता है और चोरी के आभूषण खरीदकर उनका स्वरूप बदलकर बेच देता था। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।