फिरोजपुर मंडल के स्टेशनों पर लगाए जाएंगे मोबाइल चार्जिंग केंद्र!: सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी.....

फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्म पर मोबाइल चार्जिंग केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मंडल द्वारा 10 मार्च को आयोजित ऑनलाइन नीलामी के माध्यम से इन केंद्रों के लिए ठेके आवंटित किए गए हैं। इसके शुरू होने से यात्रियों को एक नई सुविधा मिलेगी और रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी।

इस योजना के अंतर्गत अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, ब्यास,फगवाड़ा, फिरोजपुर कैंट, फिल्लौर तथा ढंडारी कलां रेलवे स्टेशनों पर पहली बार मोबाइल चार्जिंग केंद्र लगाए जाएंगे। इन स्टेशनों पर कुल 86 मोबाइल चार्जिंग केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों द्वारा मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग को देखते हुए यह सुविधा शुरू की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान मोबाइल फोन की बैटरी समाप्त होने की स्थिति में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि इस पहल से यात्रियों को स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर बेहतर सुविधा मिलेगी। रेल यात्रा के दौरान अक्सर यात्रियों के मोबाइल फोन की बैटरी समाप्त हो जाती है। ऐसे में चार्जिंग केंद्रों की सहायता से यात्री आसानी से अपना मोबाइल फोन चार्ज कर सकेंगे और अपने परिजनों से संपर्क बनाए रख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगी।