हरदोई में ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई, मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हुए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र में दबंग युवकों द्वारा एक ई-रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर युवक चालक को गंभीर रूप से घायल कर मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना सुरसा क्षेत्र के पुन्नियां गांव निवासी रामप्रताप गुप्ता ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रामप्रताप ने थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि मंगलवार शाम वह अपना ई-रिक्शा लेकर पचकोहरा तिराहा की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पचकोहरा गांव स्थित देशी शराब के ठेके के पास गांव के ही सर्वेश पुत्र उदन और उसके एक साथी ने उन्हें रोक लिया। किसी बात को लेकर दोनों युवकों ने रामप्रताप के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि दोनों युवकों ने रामप्रताप को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामप्रताप को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।