भाई ने ही की भाई की हत्या, कन्दवा पुलिस व स्वाट टीम ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

भाई ने ही की भाई की हत्या, कन्दवा पुलिस व स्वाट टीम ने किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा

चन्दौली। जनपद चंदौली के कन्दवा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर भी बरामद किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पीयूष मोर्डिया (अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन) और वैभव कृष्ण (पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र) के निर्देश पर आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया था।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना कन्दवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को शाम करीब 5:22 बजे आरोपी विवेक सिंह पुत्र स्वर्गीय अजीत सिंह, निवासी ग्राम जलालपुर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया गया।

घटना का विवरण

पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को थाना कन्दवा क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था।

जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मृतक की हत्या उसके सगे बड़े भाई ने ही की थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक दो भाई थे, जिनमें मृतक छोटा भाई था। आरोपी पहले एक हत्या के मामले में जेल जा चुका था, जिसके बाद घर में उसका मान-सम्मान कम हो गया था।

करीब चार महीने पहले परिवार की जमीन 75 लाख रुपये में बेची गई थी, जिसमें आरोपी को भी हिस्सा मिला था। वह रकम खर्च हो जाने के बाद जब उसने अपने छोटे भाई से पैसे मांगे तो छोटे भाई द्वारा उसे कई बार अपमानित किया गया। इससे आहत होकर उसने अपने भाई की हत्या की योजना बना ली।

आरोपी ने बताया कि यदि छोटा भाई मर जाता तो उसकी संपत्ति और करीब 25 लाख रुपये की एफडी भी उसके नाम हो जाती। होली के दिन और अगले दिन आरोपी ने काफी शराब पी रखी थी। 5 मार्च की दोपहर करीब 1:30 बजे घर के हाल में चौकी पर सो रहे अपने छोटे भाई विशाल सिंह के सिर में पीछे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने के लिए पिस्टल और डीवीआर को घर के अंदर भूसे में छिपा दिया। बाद में 6 मार्च की सुबह वह उन्हें मोटरसाइकिल से ले जाकर नहर किनारे तालाब में फेंक आया था।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर

एक पिस्टल

एक डीवीआर

बरामद किया है।

आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गाजीपुर के जमानिया थाना क्षेत्र में भी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थाना कन्दवा के थानाध्यक्ष राजीव मल्ल, चौकी प्रभारी विजय कुमार राय सहित पुलिस बल तथा स्वाट/सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक राम जनम यादव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। वहीं इस सनसनीखेज मामले के खुलासे से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ।