पत्नी के अवैध संबंध के शक में पति की हत्या, एक अभियुक्त गिरफ्तार

पत्नी के अवैध संबंध के शक में पति की हत्या, एक अभियुक्त गिरफ्तार

चंदौली। जनपद चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना धीना पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार थाना धीना में दिनांक 9 फरवरी 2026 को मु0अ0सं0 13/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में मकरन बिन्द निवासी ग्राम सगरा मेढ़ान की हत्या का आरोप लगाया गया था।

जांच में सामने आया कि मृतक को उसकी पत्नी बिन्दा देवी के कथित अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। इसी बात को लेकर पत्नी ने अपने प्रेमी विशाल कुमार कन्नौजिया तथा एक अन्य सहयोगी रामदेव बिन्द के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि आरोपियों ने मकरन बिन्द को पहले शराब पिलाई और फिर साड़ी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान वांछित अभियुक्त विशाल कुमार कन्नौजिया (23 वर्ष) निवासी ग्राम जिगना को कस्बा धीना से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के साथ कांस्टेबल अमित सिंह और कांस्टेबल आनंद कुमार शामिल रहे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई।