हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, चार ट्रक हुए क्षतिग्रस्त, मजदूर की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम

पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र में पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर एक सड़क हादसा हो गया। वहीं भीषण सड़क हादसे में गजरौला कला निवासी 35 वर्षीय सोमपाल पुत्र तोताराम की मौत हो गई। हादसा ग्राम गढ़ा पचपेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब धर्मकांटे से खाली ट्रक का वजन कराकर एक चालक वाहन को बैक कर रहा था। बताया जा रहा है कि पीछे तीन अन्य खाली ट्रक आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते चारों ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ट्रक पर 12 लोग और दूसरे ट्रक पर भी 12 लोग सवार थे। हादसे में अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं सोमपाल की मौत से गजरौला कला गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार में तीन बड़ी बहनें और दो बड़े भाई हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सबसे छोटे सोमपाल अपने भाई खेमकरण के साथ रहते थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। मेहनत-मजदूरी कर वह परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। होली के त्योहार से ठीक पहले हुई इस दुखद घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। जहां एक ओर घर में रंग और गुलाल की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब सोमपाल के घर सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सोमपाल मिलनसार और मेहनती युवक थे, जिनकी असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।