हरदोई में प्रधानी की रंजिश में किसान पर फायरिंग का आरोप, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, होली की खरीददारी के लिए जा रहा था

हरदोई। जिले में प्रधानी की पुरानी रंजिश को लेकर किसान पर फायरिंग का मामला सामने आया है। अमिरता गांव निवासी सरोज मिश्रा होली की खरीददारी के लिए हरदोई जा रहे थे, तभी अल्लीपुर मार्ग पर बम्बिया पुलिया के पास दबंगों ने उन पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर गोली चलाई, जिससे सरोज मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। सरोज मिश्रा के भाई रामप्रताप मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानी की रंजिश के चलते धर्मेंद्र सिंह व तेज़बहादुर सिंह द्वारा सुनियोजित साजिश के तहत हमला कराया गया। उन्होंने कुछ नामजद व्यक्तियों मनोज मिश्रा, कल्लू, शिवकुमार सहित 10-12 लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घायल को कई गोलियां लगी हैं।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने मामले को दो पक्षों के बीच विवाद बताया है। सीओ सिटी के अनुसार जस्सेपुरवा नहर के पास दोनों पक्षों में जमीनी विवाद में कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें सरोज मिश्रा घायल हुए। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया और बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के संबंध में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।