होली पर्व को लेकर थाना रजावली पुलिस का फ्लैग मार्च।

फिरोजाबाद, सिटी अपडेट।होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना रजावली पुलिस ने शनिवार को क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस टीम ने कस्बे के मुख्य बाजार, संवेदनशील मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारी पूर्ण वर्दी व सुरक्षा उपकरणों के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि होली के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सोशल मीडिया पर भी सतर्क दृष्टि रखी जा रही है, ताकि किसी भी शरारती तत्व पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

फ्लैग मार्च के दौरान आमजन ने पुलिस के इस कदम की सराहना की और कहा कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा व विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है।