सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

थाना रजावली क्षेत्र के गांव तजापुर निवासी 28 वर्षीय सैनिक भूपेंद्र कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं परिजन उपस्थित रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भूपेंद्र कुमार पुत्र रामवीर लगभग तीन वर्ष पूर्व भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वे विवाह के उपलक्ष्य में छुट्टी लेकर घर आए थे। 14 फरवरी को उनका विवाह संपन्न हुआ था। शादी के कुछ ही दिनों बाद हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बताया जाता है कि गुरुवार शाम वह बाइक से एटा से अपने गांव लौट रहे थे। उम्नरगढ़ इमलिया स्थित डीएनपी स्कूल के सामने टूंडला की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रजावली थाना पुलिस ने उन्हें तत्काल आगरा के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शुक्रवार को सैनिक भूपेंद्र का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, जहां आगरा से आई 801 इंजीनियर रेजिमेंट (आर एंड पी टी ए) की सैन्य टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी। सैन्य अधिकारियों एवं जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राजकीय सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार के दौरान हर आंख नम रही। नवविवाहिता पत्नी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।