बगैर परमिट सड़कों पर दौड़ रही डबल डेकर बस,जिम्मेदार मौन — यात्रियों की जान से हो रहा खिलवाड़

बगैर परमिट सड़कों पर दौड़ रही डबल डेकर बस,जिम्मेदार मौन ? यात्रियों की जान से हो रहा खिलवाड़

#Hardoi

जनपद में नियम-कानून को खुलेआम ठेंगा दिखाते हुए डबल डेकर बस संचालक मुनाफाखोरी के लालच में यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बिना वैध परमिट के बसें सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर तमाशा देख रहे हैं।

मामला थाना हरियावां क्षेत्र के गांव उतरा का है,जहां से एक डबल डेकर बस प्रतिदिन सवारियां भरकर देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होती है। सूत्रों के अनुसार इस बस के पास सवारी ढोने का कोई वैध परमिट नहीं है,इसके बावजूद यह बस हरियावां और पिहानी मार्ग से होकर बेखौफ संचालित हो रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिना परमिट बस सड़कों पर कैसे दौड़ रही है? क्या परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी भनक नहीं है या फिर जानबूझकर आंखें मूंदी जा रही हैं? इस पूरे मामले में अधिकारियों की कार्यशैली संदेह के घेरे में है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बस रोजाना दर्जनों यात्रियों को लेकर दिल्ली जाती है। बगैर परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच के बस का संचालन किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहा है। इसके बावजूद न तो परिवहन विभाग कोई कार्रवाई कर रहा है और न ही पुलिस प्रशासन इस अवैध धंधे पर लगाम लगा पा रहा है।

लोगों में प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर भारी आक्रोश है। सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि बगैर परमिट चल रही डबल डेकर बसों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो, ताकि भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो सके।

#YogiAdityanath #HardoiPolice #DMHardoi #UPPolice