रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद में प्रस्तावित वटवा मेगा कोचिंग टर्मिनल का निरीक्षण किया परियोजना से अहमदाबाद मंडल की परिचालन क्षमता में लगभग 3 गुना वृद्धि होगी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद में प्रस्तावित वटवा मेगा कोचिंग टर्मिनल का निरीक्षण किया परियोजना से अहमदाबाद मंडल की परिचालन क्षमता में लगभग 3 गुना वृद्धि होगी

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद में प्रस्तावित वटवा मेगा कोचिंग टर्मिनल परियोजना स्थल का दौरा कर कार्यों की प्रगति, एलाइनमेंट तथा प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं का निरीक्षण एवं विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान परियोजना की मुख्य संरचना, परिचालन व्यवस्था तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित की जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अहमदाबाद तक प्रस्तावित चौहरीकरण (क्वाड्रपलिंग) कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिससे भविष्य में यात्री ट्रेनों के संचालन में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा सकेगी।

वटवा मेगा कोचिंग टर्मिनल भारतीय रेल की एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिसका उद्देश्य अहमदाबाद जंक्शन पर बढ़ते परिचालन दबाव को कम करना तथा आधुनिक, सुरक्षित एवं कुशल रेल संचालन सुनिश्चित करना है।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएँ

टर्मिनल की कुल प्रस्तावित लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है।

टर्मिनल में 12 पिट लाइनें विकसित की जाएँगी, जिससे ट्रेनों का प्राथमिक मेंटेनेंस सुचारु रूप से किया जा सकेगा।

29 स्टेबलिंग लाइनें रेक की सुरक्षित पार्किंग हेतु उपलब्ध होंगी।

रेक की सफाई के लिए 2 वॉशिंग लाइनें प्रस्तावित हैं।खराब कोचों की मरम्मत हेतु 600 मीटर लंबाई की 2 सिक लाइनें विकसित की जाएँगी।

यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए 6 नए प्लेटफॉर्मों का निर्माण किया जाएगा, जिससे टर्मिनल पर कुल प्लेटफॉर्मों की संख्या 9 हो जाएगी।

मंत्री ने भविष्य की बढ़ती परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पिट लाइनों एवं स्टेबलिंग लाइनों की संख्या में और वृद्धि करने के निर्देश भी दिए।

परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि

परियोजना के पूर्ण संचालन के पश्चात

प्रतिदिन 36 जोड़ी ट्रेनों का प्राथमिक मेंटेनेंस संभव होगा।

15 ट्रेनों को प्लेटफॉर्म रिटर्न सुविधा उपलब्ध होगी।

कुल मिलाकर 51 ट्रेनों का संचालन इस टर्मिनल से किया जा सकेगा।

इस परियोजना के माध्यम से अहमदाबाद मंडल की कुल परिचालन क्षमता में लगभग 3 गुना वृद्धि होने की संभावना है।

वटवा मेगा कोचिंग टर्मिनल परियोजना भारतीय रेल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना भविष्य की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।