मुरादाबाद में हुई शराब की दुकानों की चेकिंग: क्षेत्राधिकारी व आबकारी विभाग ने ओवररेटिंग, अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी

मुरादाबाद में हुई शराब की दुकानों की चेकिंग: क्षेत्राधिकारी व आबकारी विभाग ने ओवररेटिंग, अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी

मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र में कानून व्यवस्था और राजस्व नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को विशेष अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी बिलारी अशोक कुमार ने थाना बिलारी पुलिस, नायब तहसीलदार तथा आबकारी विभाग की संयुक्त टीम के साथ देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, बारकोड मिलान और निर्धारित रेट सूची की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं और दुकानें निर्धारित समय पर ही खुलें तथा बंद हों।

क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ओवररेटिंग, अवैध बिक्री या नाबालिगों को शराब बेचने जैसी शिकायतें मिलने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

टीम ने दुकानदारों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। प्रशासन ने बताया कि त्योहारों और विशेष अवसरों के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस संयुक्त अभियान से क्षेत्र में शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने आगे भी इस प्रकार की औचक चेकिंग जारी रखने की बात कही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।