महाशिवरात्रि पर खेरागढ़ में कड़ी सुरक्षा, पुलिस ने किया पैदल गश्त व शिविरों का निरीक्षण

सुमित गर्ग खेरागढ़,

खेरागढ़। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से खेरागढ़ कस्बा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसीपी प्रीता सिंह एवं थाना प्रभारी मदन सिंह ने मय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त की।

इस दौरान अधिकारियों ने बाजार, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए लगाए गए कांवड़ सेवा शिविरों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने शिविर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कांवड़ियों की संख्या, ठहराव, पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। आयोजकों से यात्रा के दौरान अनुशासन एवं समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया गया।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।