हरदोई में राजस्व टीम के सामने दबंगों का हंगामा, खुद पर ईंट गिराकर मचाया शोर, नायब तहसीलदार ने जताई नाराज़गी

हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के पहेलिया गांव में गुरुवार को खड़ंजा निर्माण की जांच करने पहुंची राजस्व टीम के सामने दबंगों ने हंगामा कर दिया। सरकारी जमीन के बजाय निजी खेत से सड़क निकाले जाने की शिकायत पर यह जांच की जा रही थी। मामले की शिकायत खेत मालिक पुनीत सिंह ने जिलाधिकारी और एसडीएम सदर से की थी।
डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार बावन ममता वर्मा लेखपाल और कानूनगो के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों में पाया गया कि जिस स्थान पर खड़ंजा निर्माण कराया जा रहा था, वह सड़क नक्शे में दर्ज नहीं है। इसके बाद नायब तहसीलदार ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए।
जैसे ही निर्माण रोकने की बात कही गई, प्रधान समर्थक बताए जा रहे अमित मिश्रा और उसके कुछ सहयोगी आक्रोशित हो गए। उन्होंने मौके पर राजस्व टीम से बहस शुरू कर दी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अमित मिश्रा ने खड़ंजे की एक ईंट उठाकर हवा में उछाली और उसे खुद पर गिरा लिया। इसके बाद वह ?मार डाला-मार डाला? चिल्लाने लगा, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
इस हरकत पर नायब तहसीलदार ने कड़ी नाराजगी जताई और आरोपी को फटकार लगाई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।