माघी पूर्णिमा पर्व पर प्रयागराज जंक्शन पर विशेष निगरानी एवं 17 विशेष गाड़ियों का संचालन

माघी पूर्णिमा पर्व पर प्रयागराज जंक्शन पर विशेष निगरानी एवं 17 विशेष गाड़ियों का संचालन

माघी पूर्णिमा पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, अपर मण्डल रेल प्रबंधक (सामान्य)/ प्रयागराज दीपक कुमार, वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त,विजय प्रकाश पंडित द्वारा प्रयागराज जंक्शन स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से स्टेशन एवं रेल परिचालन की सतत निगरानी की गई।

मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल ने स्टेशन अवलोकन के दौरान परिसर में बनाए गए मेला कंट्रोल टावर, यात्री आश्रयों, प्लेटफार्मों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

माघी पूर्णिमा पर्व के अवसर पर 01 फरवरी को 18.45 बजे तक प्रयागराज मण्डल द्वारा यात्रियों की अतिरिक्त आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 05 इनवर्ड एवं 12 आउटवर्ड सहित कुल 17 मेला विशेष गाड़ियों का संचालन किया गया । इनमें 6 रिंग रेल सेवा, 8 विस्तारित सेवा, 1 टाइम-टेबल स्पेशल गाड़ियां गाड़ियां एवं 2 आवश्यकता अनुसार स्पेशल गाड़ियां गाड़ियां सम्मिलित रहीं। 18.45 बजे तक 2 अतिरिक्त मेला स्पेशल हावड़ा एवं मानिकपुर की ओर जाने के लिए प्लेस कर दी गई थी।

इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रयागराज जंक्शन के विभिन्न प्लेटफार्मों का भी निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास मार्ग, कैटरिंग सुविधाएं तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर यात्रियों की आवाजाही एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निरंतर सतर्कता बनाए रखने, यात्रियों को समुचित मार्गदर्शन प्रदान करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए।

रेल प्रशासन द्वारा माघी पूर्णिमा पर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।