मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) के सदस्य अनिल कुमार गट्टानी द्वारा प्रस्तुत यात्री-हितैषी सुझावों पर नागपुर मंडल द्वारा विस्तार से समीक्षा

मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) के सदस्य अनिल कुमार गट्टानी द्वारा प्रस्तुत यात्री-हितैषी सुझावों पर नागपुर मंडल द्वारा विस्तार से समीक्षा

नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता तथा वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह की अगुवाई में 30 जनवरी को आयोजित मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्श समिति (DRUCC) की बैठक में यात्रियों की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान समिति के सम्मानित सदस्य अनिल कुमार गट्टानी (राजनांदगांव) ने यात्रियों की सुविधा में वृद्धि, क्षेत्रीय रेल संपर्क के विस्तार तथा रेल राजस्व में संभावित बढ़ोतरी से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण, व्यवहारिक एवं जनहितैषी सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने रायपुर कोरबा एवं रायपुर हैदराबाद एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में संतुलन लाने, डोंगरगढ़ स्टेशन पर कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था करने तथा तीर्थयात्रियों, मरीजों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।

गट्टानी ने डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या 2, 3, 4 एवं 5 को जोड़ने हेतु फुट ओवर ब्रिज के विस्तार, एस्केलेटर सुविधा, रैम्प ब्रिज की उपयोगिता बढ़ाने तथा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अतिरिक्त यात्री सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही स्टेशन पर बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए डॉरमेट्री की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी उन्होंने ध्यान आकर्षित किया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने प्रस्तुत सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक टिप्पणियां दर्ज करने तथा संभावनाओं के अनुरूप यात्री हित में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह ने यात्रियों की सुविधा एवं सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता दोहराई।