हरदोई में दारोगा पर शराब के नशे में अभद्रता का आरोप, ई-रिक्शा चालक से गाली-गलौज का वीडियो वायरल, लोगों ने की कार्रवाई की मांग

हरदोई। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र में तैनात दारोगा काशी प्रसाद का शराब के नशे में एक ई-रिक्शा चालक से गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में दारोगा नशे की हालत में नजर आ रहे हैं और एक गरीब ई-रिक्शा चालक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिखाई दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दारोगा काशी प्रसाद कथित तौर पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा चालक से गलती से शराब का गिलास गिर गया, जिससे शराब फैल गई। इस मामूली घटना पर दारोगा आपा खो बैठे और चालक से गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि दारोगा ने शराब का एक गिलास गिरने के बदले ई-रिक्शा चालक से जबरन एक क्वार्टर शराब के पैसे भी वसूल लिए। इसके बावजूद उन्होंने चालक को अपशब्द कहे और डराने-धमकाने का प्रयास किया।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया है। आमजन का कहना है कि जो पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के जिम्मेदार हैं, यदि वही नशे में इस तरह का व्यवहार करेंगे तो जनता का पुलिस पर से विश्वास उठना स्वाभाविक है।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दारोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ई-रिक्शा चालक जैसे मेहनतकश लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मची हुई है। हालांकि इस मामले में अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित दारोगा के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।