शीतलहर में राहत की पहल: श्री सेवा सामाजिक संस्था ने पुरानाडीह में 400 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

चंदौली।लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए श्री सेवा सामाजिक संस्था द्वारा ग्राम सभा पुरानाडीह में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों के बीच 400 कंबल वितरित किए गए। इस सेवा कार्य में मुख्य अतिथि के रूप में चकिया उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा एवं नौगढ़ उपजिलाधिकारी विकास मित्तल मौजूद रहे।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सतीश कुमार जिंदल एवं संरक्षक राजकुमार जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग की जिम्मेदारी है कि वे सामाजिक कार्यों में आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें। उन्होंने संस्था को समाज व सरकार के प्रति समर्पित बताते हुए इसके सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

वहीं उपजिलाधिकारी नौगढ़ विकास मित्तल ने कहा कि किसी भी संगठन की सार्थकता तभी सिद्ध होती है जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाए। सेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि संस्कार है और यही एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण का माध्यम है।

कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि सरकार विकास और जनता की सेवा के लिए संकल्पित है। ग्राम प्रधान पुरानाडीह ओमप्रकाश सिंह ने कार्यक्रम के लिए प्रशासन व संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रभात गर्ग, आनंद तोदी, ओपी जिंदल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।