यूपी को मिलेगा नया डिप्टी सीएम, पंकज सिंह समेत 6 नामों पर चर्चा

पंकज सिंह, भूपेंद्र चौधरी, साध्वी निरंजन ज्योति समेत कई नामों पर चर्चा

उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी में जल्द ही संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा सूत्रों का दावा है कि उत्तर प्रदेश को जल्द ही एक नया उप मुख्यमंत्री मिल सकता है। माना जा रहा है कि यह फेरबदल इसी दिसम्बर महीने में खरमास के बीच 31 दिसम्बर से पहले हो सकता है।

वहीं, यह बदलाव अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव और 2027 के विधान सभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की रणनीति का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है। भाजपा सूत्रों को अगर सही माना जाए तो उप मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे पूर्व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति और नोएडा के विधायक पंकज सिंह का नाम सबसे आगे चल रहा है। मंत्रिमंडल में भी 6 नए लोग शामिल हो सकते हैं। उत्तर

प्रदेश सरकार में अभी 54 मंत्री हैं और इनकी संख्या अब 60 तक करने के कयास लगाए जा रहे हैं। भाजपा मंत्रिमंडल से कुछ मंत्रियों को हटाया भी जा सकता है।

मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार में सपा के बागियों को भी जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, इस मंत्रिमंडल में 2 से 3 बागी मंत्री बनाए जा सकते हैं। भाजपा सूत्रों को अगर सही माना जाए तो नोएडा विधायक पंकज सिंह को उप मुख्यमंत्री के स्थान पर मंत्री भी बनाया जा सकता है। इसके अलावा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। सपा के बागियों की बात करें तो पूजा पाल और मनोज पांडेय का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा महेंद्र सिंह का भी मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में न सिर्फ भाजपा बल्कि राष्ट्रीय लोकदल और अपना दल से भी एक-एक मंत्री बनाए जा सकते हैं।