अहमदाबाद मण्डल रेलवे सुरक्षा बल के जून से नवंबर 2025 के दौरान उल्लेखनीय कार्य

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल का रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और स्टेशनों पर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। जून से नवंबर 2025 के दौरान RPF ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कीं, जिन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व मजबूत बनाया। इस अवधि के प्रमुख कार्यों का विवरण इस प्रकार है।

1. रेलवे अधिनियम: अहमदाबाद डिविजन ने रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 14,211 मामले दर्ज किए और इन अभियोजनों के दौरान ₹14,92,721 का जुर्माना वसूल किया। यह कार्रवाई स्टेशनों एवं ट्रेनों में अनुशासन और सुरक्षा को सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

2. ऑपरेशन नन्हे फ़रिश्ते: ऑपरेशन नन्हे फ़रिश्ते के तहत अहमदाबाद, साबरमती, मणिनगर, महेसाणा सहित अन्य स्टेशनों से 69 नाबालिग बच्चों और 8 असहाय पुरुष/महिलाओं को बचाकर उनके माता-पिता, अभिभावक, चाइल्डलाइन या पुलिस को सुरक्षित सौंपा गया। मानवता से जुड़े इस कार्य ने RPF की संवेदनशीलता और तत्परता को उजागर किया।

3. ऑपरेशन अमानत: ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत 211 लावारिस या खोए हुए सामान, जिनकी कुल कीमत ₹62,98,194 थी, RPF द्वारा बरामद कर यात्रियों को लौटाए गए।

4. ऑपरेशन सतर्क: अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए गए ऑपरेशन सतर्क में अहमदाबाद, साबरमती तथा कांकरिया यार्ड में ₹4,26,428 मूल्य की अवैध शराब के 47 मामले पकड़े गए और 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर GRP को सौंपा गया। यह अभियान रेलवे परिसरों में सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुआ।

5. रेल मदद पर प्राप्त 2,825 शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया। इन शिकायतों का औसत निस्तारण समय मात्र 0.06 मिनट रहा, जो RPF की दक्षता और त्वरित सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्राप्त 973 फीडबैक में से 898 यात्रियों ने उत्कृष्ट या संतोषजनक रेटिंग दी।

6. ऑपरेशन रेल सुरक्षा: रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए RP(UP) एक्ट के तहत विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 22 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 21 मामलों का सफलतापूर्वक पता लगा कर 46 बाहरी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

7. ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए RPF ने चोरी और अन्य अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की। यात्रियों के सामान चोरी के मामलों में 8 आरोपियों को पकड़ा गया और उन्हें GRP के हवाले किया गया। इसके अलावा BNS की विभिन्न धाराओं के 36 अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

8. CCTV के माध्यम से सफलता: अहमदाबाद स्टेशन पर CCTV निगरानी का प्रभावी उपयोग करते हुए चोरी के 10 मामलों का पता लगाया गया, जिससे अपराध नियंत्रण में तकनीक की भूमिका और मजबूत हुई।

9. ऑपरेशन समय पालन: ट्रेनों की समयपालन क्षमता (punctuality) को सुधारने के लिए भी RPF ने प्रभावी अभियान चलाया। अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के 924 मामले दर्ज हुए, जिनमें से 859 मामलों में रेलवे अधिनियम की धारा 141 के तहत अभियोजन किया गया।

10. जन जागरण: यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा संबंधी जागरूकता देने के लिए RPF ने नियमित रूप से जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें ट्रैक पार न करना, नशा मुक्ति, पत्थरबाजी रोकथाम, महिला सुरक्षा और मानव तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाई गई। स्टेशन पर PA सिस्टम, बैनर, पोस्टर और RDN स्क्रीन के माध्यम से भी संदेश प्रसारित किए गए।

11. ट्रेन एस्कॉर्टिंग: ट्रेन एस्कॉर्टिंग के क्षेत्र में अहमदाबाद डिविजन ने उल्लेखनीय कार्य किया। प्रतिदिन औसतन 20 महत्वपूर्ण रात की ट्रेनों में RPF जवान तैनात किए गए, जबकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रतिदिन औसतन 7 मिश्रित (महिला+पुरुष) दल एस्कॉर्टिंग में लगाए गए। इससे रात के समय यात्रा कर रहे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा।

12. लेवल क्रॉसिंग गेट मामले: रेलवे फाटक क्षति के 69 मामलों में से 64 मामलों का सफलतापूर्वक पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ।

13. वारंट निष्पादन: इसके अतिरिक्त, रेलवे अधिनियम और RP(UP) एक्ट से संबंधित कुल 74 वारंट भी RPF टीम द्वारा सफलतापूर्वक निष्पादित किए गए, जो उनके कानूनी दायित्वों के प्रति सजगता और कार्यकुशलता को दर्शाते हैं।

रेलवे सुरक्षा बल, अहमदाबाद डिविजन के लिए जून से नवंबर 2025 की अवधि उपलब्धियों से परिपूर्ण रही। यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति संरक्षण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में किए गए इन प्रयासों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया है, बल्कि यात्रियों के विश्वास को भी मजबूत किया है। RPF अहमदाबाद डिविजन आगे भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ सेवा, सुरक्षा और सतर्कता की भावना से कार्य करता रहेगा।