कांग्रेस की बैठक में दिल्ली महारैली की तैयारी और मतदाता सूचियों पर सतर्कता का आह्वान

श्रीगंगानगर । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 14 दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित की जा रही 'वोट चोर गद्दी छोड़' महारैली के लिए श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को ले जाने की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के शेष चार दिनों में पूरी सावधानी बरतने और प्रत्येक मतदाता के नाम पर नजर रखने पर जोर दिया गया।

।। यह बैठक श्रीगंगानगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहात और शहर द्वारा संयुक्त रूप से स्थानीय पदमपुर मार्ग पर स्थित मगलानी फार्म हाउस में आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत देहात ब्लॉक अध्यक्ष श्याम पुन्यानी ने किया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और विधानसभा चुनाव प्रत्याशी अंकुर मगलानी ने मुख्य रूप से संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से दिल्ली महारैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र की रक्षा और वोट चोरी के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन है, जिसमें श्रीगंगानगर क्षेत्र से मजबूत भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यकर्ता आसानी से दिल्ली पहुंच सकें और वापस लौट सकें।
मगलानी ने विशेष रूप से पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को संबोधित करते हुए एसआईआर अभियान की महत्वपूर्णता पर प्रकाश डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से एक सुनियोजित साजिश चल रही है, जिसके तहत कमजोर, गरीब, दलित, कुचले हुए और अल्पसंख्यक वर्गों के लोगों के नाम मतदाता सूचियों से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा- कांग्रेस पार्टी का इन वर्गों से गहरा लगाव है और इनका वर्षों से कांग्रेस के प्रति झुकाव रहा है। इस साजिश का उद्देश्य इसी झुकाव को कमजोर करना है। उन्होंने बीएलए से अपील की कि वे मतदाता सूचियों की जांच में सतर्क रहें-प्रत्येक नाम को गौर से देखें, गलत नामों को हटवाएं और छूटे हुए नामों को जुड़वाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीएलए के हस्ताक्षर के बिना वोटर लिस्ट को पूर्ण नहीं माना जाएगा, इसलिए यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
मगलानी ने आगे कहा कि एसआईआर अभियान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है।खासकर उन कार्यकर्ताओं को जो आगामी स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव लडना लेना चाहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान के माध्यम से पार्टी को और मजबूत बनाएं तथा बीजेपी की साजिश को नाकाम करें। साथ ही नव नियुक्त जिला अध्यक्ष रुपिंदरसिंह रूबी के निर्देशन में पार्टी के सभी कार्यक्रमों, गतिविधियों और जनहित के मुद्दों पर अपना पूर्ण योगदान दें।
श्री मगलानी ने पार्टी की पिछली उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लगभग अढ़ाई वर्ष पहले जब उन्हें कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाया गया था, तब विधानसभा चुनावों में श्रीगंगानगर जिले की छह में से चार सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। लोकसभा सीट भी कांग्रेस ने जीती। छह उपचुनावों में से पांच में भी पार्टी को सफलता मिली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस उत्साह और जोश को बनाए रखने का आह्वान किया ताकि आगामी चुनावों में और मजबूती से उभरा जा सके।
बैठक में जिला कांग्रेस के संगठन महामंत्री श्याम शेखावटी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जसराम टाक एडवोकेट, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महामंत्री डॉ. रामप्रकाश नायक, जिला सचिव सोहनलाल नायक, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती कमला बिश्नोई और नेता रमेश गीदड़ आदि ने संबोधित किया। इन वक्ताओं ने एसआईआर अभियान की चुनौतियों, महारैली की तैयारी और पार्टी एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक के दौरान एक उत्साहजनक पल आया जब अनेक युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें अमित, राजीव लावा, गोविंद, जैनुल, प्रियांशु, पालसिंह, प्रेम कुमार, बाबू खान, विश्वनाथ, सोनू ठाकुर, तरनप्रीत, चंद्रभान, विवेक, संदीपसिंह, मोहित, अभि शर्मा, असगर, खुदाबख्श और श्रीमती प्रीति शर्मा शामिल थे। अंकुर मगलानी ने सभी नए सदस्यों को कांग्रेस का साफा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे 'वोट चोर गद्दी छोड़' महा अभियान से संबंधित फॉर्म पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर किए। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद, पंच, सरपंच और पार्टी के बीएलए उपस्थित रहे। शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धर्मपाल झोरड ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन कोषाध्यक्ष नरेश सेतिया ने किया।