हरदोई-लखनऊ हाईवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, चाचा-भतीजे की मौत, एक गंभीर

हरदोई। कछौना कस्बे के पास बुधवार देर शाम हरदोई-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इंडियन फैमिली रेस्टोरेंट के पास उस समय हुआ, जब तीन युवक बाइक से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कछौना निवासी दीपक (26), उसका भतीजा मोहित (23) और अर्जुन (18) बुधवार शाम करीब 5 बजे मेट्रो ढाबा पर खाना खाने के बाद बालामऊ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहित पुत्र रमेश और अर्जुन पुत्र तुलसी को मृत घोषित कर दिया। दीपक पुत्र विश्राम की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कछौना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मोहित बुधवार शाम जम्मू तवी ट्रेन से चंडीगढ़ जाने की तैयारी में था। मोहित और अर्जुन दोनों चंडीगढ़ में मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे।
अचानक हुई इस दुर्घटना ने दोनों परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है। गांव में मातम छाया हुआ है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।