पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने अहमदाबाद मंडल के दो कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक विवेक कुमार गुप्ता ने पश्चिम रेलवे मुख्यालय, मुंबई में अहमदाबाद मंडल के दो कर्मचारियों विकाससिंह, प्वाइंट्समैन और कमलेश कुमार एम., लोको पायलट को उत्कृष्ट कार्य एवं सुरक्षित ट्रेन संचालन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। इन दोनों कर्मचारियों को अक्टूबर 2025 के दौरान अपनी सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा से संभावित दुर्घटनाओं को टालने के लिए सम्मानित किया गया।

03 अक्टूबर 2025 को सामाखियाली स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान प्वाइंट्समैन श्री विकाससिंह ने एक लॉन्ग हॉल ट्रेन के वैगन (CNCR 5452113254) के एक्सल पर दो बोल्ट गायब पाए। उन्होंने तुरंत लाल सिग्नल देकर ट्रेन को रोका। जांच में बोल्ट गायब होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद CCR के निर्देशानुसार वैगन को C&W स्टाफ द्वारा अटेंड करने हेतु ट्रेन को लाइन नंबर 03 पर लाया गया और सुरक्षित तरीके से आगे की कार्यवाही की गई। उनकी सजगता के कारण एक संभावित गंभीर तकनीकी त्रुटि समय रहते टल गई।

04 अक्टूबर 2025 को ट्रेन संख्या 69243 असारवा?उदयपुर को चलाते समय लोको पायलट कमलेश कुमार एम. ने हिम्मतनगर से आगे किलोमीटर 321/12?321/11 पर तीन अज्ञात व्यक्तियों को रेलवे ट्रैक पर वस्तुएँ रखते देखा। उन्होंने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया और ट्रेन को अवरोध से लगभग 15 मीटर पहले सुरक्षित रूप से रोक लिया।

जांच में पाया गया कि ओएचई कैंटिलीवर असेंबली (रजिस्टर आर्म) का एक हिस्सा पटरियों पर गिरा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी और लोहे की रॉड को सुरक्षित कर आगे की सभी प्रक्रियाएँ नियमों के अनुसार पूरी कीं। उनकी तत्परता और त्वरित निर्णय क्षमता ने एक बड़ी दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभाई।

अहमदाबाद मंडल को अपने ऐसे कर्मठ और जिम्मेदार कर्मचारियों पर गर्व है, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य, सतर्कता और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हैं। यह सम्मान न केवल उनकी कर्तव्यपरायणता की सराहना है, बल्कि पश्चिम रेलवे की उस कार्य-संस्कृति का प्रतीक भी है, जहाँ संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।