Chandauli News:चकिया में नवरात्र अष्टमी पर आस्था का आलम, महागौरी के जयकारों से गूंजा नगर और पंडालों में उमड़ी भक्तों की अपार भीड़ सुबह से मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, घर-घर हवन-पूजन और स

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। नवरात्र की अष्टमी तिथि पर मंगलवार को माता के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में दर्शन को बड़ी संख्या में भक्त उमड़े तो पंडालों में भी रौनक रही। देवी मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक हवन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। घरों में भी हवन कर मां के आठवें स्वरूप की पूजा-अर्चना कर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की।

नवरात्र की अष्टमी तिथि पर मां के दर्शन-पूजन के लिए देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। भक्तों ने या देवी सर्वभूतेषु मातृ रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नमः मंत्रों के साथ आहुतियां देकर घरों व मंदिरों में हवन-पूजन किया। अष्टमी पर मां के दर्शन के लिए भोर से ही देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। शहर से गांव तक मां के जयकारों की गूंज रही। सप्तमी से ही हर ओर मां दुर्गा की भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है। पूरा क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव में लीन है। भव्य दुर्गा पंडालों ने न केवल श्रद्धालुओं को आस्था के रंग में रंगा है, बल्कि सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों को आकर्षित किया है। अष्टमी को भी नगर में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन पूजन और वहां की सुंदरता को देखने के लिए उमड़ी रही।

चकिया नगर में दुर्गा पूजा समिति महाराजा का किला, श्री श्री नव ज्योति दुर्गा पूजा समिति चौक झंडा गली, दुर्गा पूजा समिति लोहटिया मार्केट, तेरी तेरी वंदना दुर्गा पूजा समिति पूर्वी बाजार चकिया, द्वारा भव्य पंडाल और सुंदर सजावट की गई है। इसके अलावा श्री श्री बाल ज्योति दुर्गा पूजा समिति की ओर से भूत बंगला में भूत प्रेस्टन का दृश्य तो दुर्गा पूजा समिति सहदुल्लापुर द्वारा अपने हाथों से पंडाल के साथ-साथ भाग्य सजावट भी किया गया है, जो लोगों का मन मोह ले रहा है।
नगर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज व थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस फोर्स के साथ चप्पे-चप्पे पर भ्रमण कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।