इगलास में 15 जुलाई से श्रीमद्भागवत कथा और नित्य रुद्राभिषेक

इगलास। श्रावण मास की पुण्य बेला में इगलास एक बार फिर भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। नगर में 15 जुलाई से 21 जुलाई तक एक दिव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ होने जा रहा है। भगवती आश्रय सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में श्रीमद्भागवत कथा और नित्य रुद्राभिषेक का सात दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन का स्थल ओम गेस्ट हाउस निर्धारित किया गया है, जहां श्रद्धालु दिन-प्रतिदिन आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कर सकेंगे।

इस धार्मिक आयोजन में कथा व्यास के रूप में पूज्य आचार्य काष्र्णि मयंक उपाध्याय भागवत कथा का अमृतपान कराएंगे। आचार्य उपाध्याय अपने ओजस्वी और हृदयस्पर्शी प्रवचनों के लिए विख्यात हैं। वे कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति, कर्म, और जीवन मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। श्रद्धालु कथा श्रवण कर जीवन को नई दिशा देने की प्रेरणा प्राप्त करेंगे।

विशेषताएं : प्रतिदिन प्रातःकाल नित्य रुद्राभिषेक किया जाएगा, जिसमें शिव भक्त भोलेनाथ का अभिषेक कर पुण्य अर्जित करेंगे। दोपहर को श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जहां सजीव झांकियों और भजन कीर्तन के माध्यम से भक्तिभाव जागृत किया जाएगा। कथा स्थल को सजावट, रोशनी और भक्ति संगीत से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और भावविभोर रहेगा।

आयोजकों का उद्देश्य : ट्रस्ट पदाधिकारियों के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि समाज को संस्कार, सदाचार और आध्यात्मिक उत्थान का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। श्रावण मास में भगवान शिव की उपासना और श्रीमद्भागवत कथा का विशेष महत्व है। यह आयोजन सभी आयु वर्ग के लोगों को जोड़कर सामूहिक कल्याण और आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत करेगा।

श्रद्धालुओं से अपील : आचार्य मयंक उपाध्याय ने नगरवासियों एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय निकालकर इस पावन कथा सप्ताह में सपरिवार भाग लें और धर्म लाभ प्राप्त करें।