शहर कोतवाल के सम्मान में बार एसोसिएशन से लेकर व्यापारियों तक ने बिछाईं पलकें, वर्दी वालों की भी आंखें हुईं नम

हरदोई की गलियों में रह जाएगी संजय त्यागी की सादगी की याद, विदाई में छलक पड़े आंसू!

शहर कोतवाल के सम्मान में बार एसोसिएशन से लेकर व्यापारियों तक ने बिछाईं पलकें, वर्दी वालों की भी आंखें हुईं नम

#Hardoi 

कुछ लोग कुर्सी पर बैठकर हुकूमत करते हैं और कुछ अपने व्यवहार से लोगों के दिलों पर राज कर जाते हैं। शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी की विदाई ने आज यही तस्वीर सामने रख दी। सरकारी आदेश आया, तबादला हुआ और अब उन्हें हरदोई से सीतापुर जाना है, लेकिन जाते-जाते वह यहां के लोगों के दिलों में ऐसी यादें छोड़ गए, जिन्हें वक्त की धूल भी शायद नहीं मिटा पाएगी।

हरदोई की शहर कोतवाली कोई मामूली जिम्मेदारी नहीं है। जनपद की सबसे व्यस्त कोतवाली, ऊपर से प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय, आए दिन धरना-प्रदर्शन, व्यापारियों की समस्याएं और आम जनता की फरियादें। ऐसे माहौल में हर किसी को साथ लेकर चलना और सबकी बात सुनना आसान नहीं होता। मगर संजय त्यागी ने अपने सादगी भरे व्यवहार से इस जिम्मेदारी के बीच एक अलग पहचान बनाई।

उनकी खासियत सिर्फ वर्दी का रुतबा नहीं, बल्कि बातचीत का वह अंदाज था, जिसमें सामने वाला खुद को छोटा महसूस नहीं करता था। परिचित हो या अनजान, फरियादी हो या व्यापारी, हर किसी को 'जी' कहकर संबोधित करना और उसकी बात धैर्य से सुनना उनके व्यवहार का हिस्सा रहा। यही वजह रही कि आज उनकी विदाई महज एक सरकारी औपचारिकता बनकर नहीं रह गई, बल्कि लोगों के दिलों का भावुक मिलन बन गई।

कहते हैं कि थाने की कुर्सी पर बैठने वाले बहुत मिल जाएंगे, मगर दिलों में जगह बनाने वाले कम ही होते हैं। हरदोई बार एसोसिएशन की ओर से भव्य विदाई समारोह और व्यापारियों की नम आंखें इस सम्मान की गवाही देती नजर आईं। समारोह में कई पुलिसकर्मी भी अपने आंसू नहीं रोक सके।

तबादले की खबर आते ही बीते कई दिनों से शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। आखिरकार विदाई की घड़ी आई तो माहौल भावुक हो गया। कोई फूलों से सम्मान कर रहा था, कोई शुभकामनाएं दे रहा था, तो कोई नम आंखों से अपने कोतवाल को विदा कर रहा था।

विदाई समारोह में प्रमुख रूप से श्यामू सिंह प्रधान, हरि प्रताप सिंह, शिवशेवक गुप्ता, कमलेश अवस्थी, सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों में प्रकाश गुप्ता, विमल ट्रेडर्स और रंजना होटल के मालिक अनुराग शुक्ला सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। दर्जनों चौकी प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने समारोह को और भी विशेष बना दिया।

कुर्सी छूट गई, मगर दिलों में जगह बरकरार रहेगी!

संजय त्यागी जी का हरदोई से सीतापुर जाना प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है, मगर कुछ विदाइयां ऐसी होती हैं जिनमें जाने वाला अकेला नहीं जाता, अपने पीछे सैकड़ों यादें और ढेरों भावनाएं छोड़ जाता है। वर्दी का रुतबा तो चार दिन का होता है साहब,मगर अच्छे व्यवहार की पहचान उम्रभर रहती है। कुर्सियां बदलती रहती हैं सरकारी दफ्तरों में,मगर दिल में जगह बनाने वाले कहां रोज मिलते हैं!

✍️ पत्रकार डी.डी. शुक्ला की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं

शहर कोतवाल संजय त्यागी जी को हरदोई की धरती से सीतापुर जनपद में नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं। महाकाल से प्रार्थना है कि आपका आने वाला सफर सुखद, सफल और सम्मान से भरा रहे। आप जहां भी रहें, इसी सादगी, विनम्रता और मानवीय व्यवहार से लोगों का विश्वास अर्जित करते रहें।

हरदोई आपको विदा जरूर कर रहा है साहब, मगर आपकी अच्छी यादों को विदा नहीं कर पाएगा।

_पत्रकार डी.डी. शुक्ला