विकास खण्ड भटनी के बनकटा शिव में बच्चों को कराया गया रिसोर्स रिकवरी सेंटर का भ्रमण, कचरा प्रबंधन की दी गयी जानकारी

देवरिया। विकास खण्ड भटनी के अंतर्गत बनकटा शिव के बच्चों को 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को ठोस कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया, ताकि वे स्वच्छता के प्रति जागरूक हो सकें।
एडीओ पंचायत विंध्याचल सिंह ने बच्चों को बताया कि घर से निकलने वाले कचरे को किस तरह अलग-अलग कर आरआरसी केंद्र तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने समझाया कि घरों में सूखे और गीले कचरे को रखने के लिए अलग-अलग व्यवस्था होनी चाहिए। कचरा अलग करने के बाद उसे सफाईकर्मियों की गाड़ी को देना चाहिए। सफाईकर्मी इस कचरे को आरआरसी केंद्र तक पहुंचाते हैं, जहां सूखे और गीले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि आरआरसी केंद्र पर उपयोगी और दोबारा इस्तेमाल की जा सकने वाली (रिसाइकिल होने योग्य) सामग्री को अलग करके एकत्र किया जाता है। बाद में इस कचरे की नीलामी की जाती है, जिससे ग्राम पंचायत को अतिरिक्त आय प्राप्त होती है।
खण्ड प्रेरक रेहाना खातून ने बच्चों से अपील की कि वे खुद स्वच्छता की आदत अपनाएं और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करें। 
वहीं ग्राम पंचायत अधिकारी रूपेश यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में बच्चों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।बच्चे खुद सजग रहकर पूरे समाज को जागरूक कर सकते हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव, खण्ड प्रेरक दुर्गेश यादव, संजय कुमार, ममता देवी, मीरा देवी, हरीश, मोहन सहित कई लोग और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।