रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति किया जागरूक

अंबाला। ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान के तहत रेलवे चिकित्सा विभाग, अंबाला मंडल की ओर से विद्यार्थियों को स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ओल्ड रेलवे कॉलोनी स्थित होली एंजल मोंटेसरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों से निकलने वाले कचरे के उचित प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने तथा निर्धारित कूड़ेदान में ही कचरा डालने के महत्व की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें दैनिक जीवन में स्वच्छता की अच्छी आदतें अपनाने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अमित मीना सहित रेलवे चिकित्सा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।