अजमेर-दौंड एक्सप्रेस अब आधुनिक एलएचबी रैक से होगी संचालित, यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित और आरामदायक सफर

अजमेर। रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे लगातार पारंपरिक आईसीएफ कोचों को आधुनिक एलएचबी कोचों में बदल रहा है। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 20991/20992 अजमेर-दौंड-अजमेर एक्सप्रेस को भी एलएचबी रैक में परिवर्तित किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार, अजमेर से गाड़ी संख्या 20991 में एलएचबी रैक की सेवा 17 सितंबर 2026 से और दौंड से गाड़ी संख्या 20992 में 18 सितंबर 2026 से शुरू होगी।

एलएचबी रैक में ट्रेन की संरचना भी बढ़ाई गई है। पहले जहां ट्रेन में 18 कोच थे, वहीं अब 19 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक सेकंड एसी, छह थर्ड एसी, पांच द्वितीय शयनयान, पांच साधारण श्रेणी और दो पावर कार डिब्बे शामिल होंगे। साधारण श्रेणी में एक अतिरिक्त कोच जुड़ने से आम यात्रियों के लिए सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी।

जर्मन तकनीक पर आधारित एलएचबी कोच सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के लिहाज से आधुनिक माने जाते हैं। इनमें सेंटर बफर कप्लर और एंटी-क्लाइंबिंग प्रणाली जैसी सुरक्षा सुविधाएं हैं। बेहतर सस्पेंशन और डिस्क ब्रेक के कारण यात्रा के दौरान झटके कम महसूस होते हैं।

इसके अलावा एलएचबी कोच में बड़ी खिड़कियां, बेहतर वेंटिलेशन, आधुनिक जैव शौचालय, अधिक लेगरूम और उच्च गति पर बेहतर संचालन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे अजमेर-दौंड एक्सप्रेस के यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।