सोजत रोड से पहली बार चूना पत्थर का रेल लदान शुरू, रेलवे को मिलेगा एक करोड़ से अधिक राजस्व

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के प्रयासों से सोजत रोड रेलवे स्टेशन से पहली बार चूना पत्थर का व्यावसायिक लदान शुरू किया गया है।

मैसर्स नारायण मिनरल्स द्वारा सोजत रोड से दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल स्थित बोकारो स्टील प्लांट के लिए 58 बॉक्सएनएचएल वैगनों में चूना पत्थर का पहला रेक तैयार कर रवाना किया गया। 6 सितंबर को यह रेक मंडल परिचालन प्रबंधक विपिन यादव और सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार की मौजूदगी में रवाना हुआ।

करीब 4,000 टन चूना पत्थर लेकर यह मालगाड़ी लगभग 1,502 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस लदान से रेलवे को एक करोड़ रुपये से अधिक का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।

चूना पत्थर के लदान के साथ ही अजमेर मंडल के माल यातायात में एक नई वस्तु जुड़ गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से स्थानीय खनिज उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

हाल ही में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सोजत रोड गुड्स शेड का निरीक्षण कर माल लदान से जुड़ी सुविधाओं और परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। उनके मार्गदर्शन में बीडीयू टीम नए ग्राहकों और नई वस्तुओं को रेल परिवहन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।