हरदोई में सई नदी में नहाने गए भाई-बहन तेज बहाव में बहे, तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण, परिवार में मचा कोहराम

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा कन्जौरा में मंगलवार शाम सई नदी में नहाने गए दो मासूम भाई-बहन तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। नदी किनारे परिजन बच्चों के मिलने की उम्मीद में बिलखते रहे।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे कन्जौरा गांव निवासी मखमूल के बच्चे इकरा (11) और दाऊद (10) सई नदी के पुल के नीचे नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और दोनों भाई-बहन पानी की चपेट में आकर बह गए। बच्चों के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नदी के आसपास काफी देर तक दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

सूचना मिलने पर कासिमपुर थाना प्रभारी घनश्याम राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नदी में तेज बहाव होने के कारण पुलिस और ग्रामीणों को तलाश अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की खोज के लिए लखनऊ से गोताखोरों को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस और ग्रामीण नदी के आसपास लगातार दोनों बच्चों की तलाश कर रहे हैं।
हादसे के बाद कन्जौरा गांव में मातम का माहौल है। नदी किनारे मौजूद परिजन बेसब्री से बच्चों के मिलने की आस लगाए हुए हैं। मखमूल के चार बेटियां और दो बेटे हैं। दो बच्चों के एक साथ लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर अतिरिक्त इंस्पेक्टर प्रेम पाल, ग्राम प्रधान छोटेलाल कश्यप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं।