हरदोई में एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी का गठन, डॉ. जावेद खान फिर बने जिलाध्यक्ष, कर्मचारियों का जताया आभार

हरदोई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में दोपहर दो बजे आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. जावेद खान को पुनः जिला अध्यक्ष और डॉ. रामलखन गुप्ता को महामंत्री चुना गया।
बैठक की प्रक्रिया के तहत पहले एनएचएम कर्मचारियों ने अपने-अपने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर बैठक कर सर्वसम्मति से ब्लॉक स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया। इसके बाद ब्लॉक स्तरीय कार्यकारिणी के सदस्यों ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों का चयन किया। नवनिर्वाचित जिला पदाधिकारियों की बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में हुई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पीएमएस संघ के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव ने की। पीएमएस संघ के सचिव डॉ. प्रवीण दीक्षित की संरक्षता में बैठक संपन्न हुई। सभी कर्मचारियों ने एकमत होकर डॉ. जावेद खान को दोबारा जिला अध्यक्ष और डॉ. रामलखन गुप्ता को महामंत्री चुना।
जिला अध्यक्ष डॉ. जावेद खान ने कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि वह लंबे समय से संगठन की अध्यक्षता कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें कर्मचारियों के बीच रहकर बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सभी का सहयोग मिलता रहा तो संगठन के लिए और बेहतर कार्य करेंगे तथा कर्मचारियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
डॉ. रामलखन गुप्ता ने भी सभी कर्मचारियों और पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव और डॉ. प्रवीण दीक्षित ने एनएचएम कर्मचारियों की जायज मांगों में पीएमएस संघ की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यकारिणी में वकील अहमद, अनिरुद्ध मिश्रा, आशीष वर्मा और मनोज तिवारी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जबकि डॉ. जुबैर, डॉ. रघुनाथ व नैनीस सौरव को उपाध्यक्ष चुना गया। खालिद हुसैन शानू को मीडिया प्रभारी, सुमित को प्रवक्ता, डॉ. सोनिया को महिला संगठन मंत्री, रूबी पाल व सपना को महिला प्रवक्ता एवं संगठन मंत्री तथा मो. रफी को एडिटर चुना गया।