हरदोई में रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवारों ने रोका, गाली-गलौज के बाद युवक को मारी गोली, पैर में लगी

हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र में रामलीला मेला देखकर घर लौट रहे एक युवक को बाइक सवार दो लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर हमलावरों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक के बाएं पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बखरिया गांव निवासी कन्हैया सिंह अपने साथी गोविंद सिंह के साथ 28 नवंबर को हरदोई से गांव लौट रहा था। गांव के पास रास्ते में बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें रोककर रास्ता पूछा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। कन्हैया ने इसका विरोध किया तो बाइक सवारों में से एक ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली कन्हैया के बाएं पैर में लगी और हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिहानी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।
घटना को लेकर शुरुआती दौर में युवक के अपने तमंचे से गोली चलने की आशंका समेत कई तरह की चर्चाएं सामने आई थी। हालांकि, क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम के मुताबिक, बाइक सवार दो अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने घटना के संबंध में पिहानी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस जांच में जुटी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।