हरदोई में महिला ने दूसरे पति के साथ मिलकर तीसरे पति का आधा सिर मुंडा, मूंछें काटी और जूते की माला पहनाई, 9 बच्चों की है मां

हरदोई। हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के खुर्रमपुरवा गांव में एक युवक को बंधक बनाकर उसका आधा सिर मुंडने, मूंछें काटने और जूते की माला पहनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने अपने दूसरे पति के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की पिटाई और अपमानित करने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
मैनपुरी के किशनी निवासी नरेंद्र (37) की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए सोनी (34) से हुई थी। करीब आठ दिन बातचीत के बाद दोनों मिले और गुरुग्राम जाकर मंदिर में शादी कर ली। नरेंद्र के मुताबिक, दोनों करीब ढाई साल तक साथ रहे। सोनी की पहली शादी से तीन बच्चे हैं, जबकि दूसरी शादी खुर्रमपुरवा निवासी मुन्ना यादव से हुई थी। इस रिश्ते से उसके छह बच्चे हैं।
नरेंद्र ने बताया कि जुलाई 2026 में सोनी की तबीयत खराब होने पर वह उसे गौरीघाट छोड़ आया। इसके बाद दोनों गुरसहायगंज के एक होटल में कई बार मिले। 25 सितंबर को नरेंद्र बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनी का मोबाइल चेक किया। आरोप है कि किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क की जानकारी मिलने पर दोनों में विवाद हुआ। इसी दौरान नरेंद्र ने सोनी को थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद सोनी नरेंद्र को खुर्रमपुरवा ले गई और अपने दूसरे पति मुन्ना यादव के घर रिश्तेदार बताकर रखा। बाद में मुन्ना को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि सोनी और मुन्ना ने नरेंद्र को बंधक बनाकर उसका आधा सिर मुंड दिया, मूंछें काटीं और जूते की माला पहनाई। इस दौरान वह हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा, जबकि आरोपी वीडियो बनाते रहे।
सीओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।