हरदोई में कांग्रेस का हल्लाबोल, मुख्य चुनाव आयुक्त की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर फूंका पुतला, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के लगाए नारे

हरदोई। देशभर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के क्रम में हरदोई में भी सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ?वोट चोर, गद्दी छोड़? के नारे लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली और पुतला फूंका। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया और बाद में उन्हें हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचा दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान जलते हुए पुतले को पुलिसकर्मी अपने साथ लेकर भागे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने आबिद पेट्रोल पंप के पास मेडिकल कॉलेज चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर बस से पुलिस लाइन ले जाया गया।
प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सिंह, एनएसयूआई अध्यक्ष हसन अहमद, आफताब हैदर, ओबीसी जिलाध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी, एससी-एसटी जिलाध्यक्ष विनीत वर्मा, महिला जिलाध्यक्ष सुनीता देवी, यूपी महिला कांग्रेस महासचिव मंजूलता मित्रा, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष उमा राजवंशी और मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश पाल ज्ञानू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ सिटी अजीत चौहान, सीओ बघौली प्रभा पटेल, शहर कोतवाल संजय त्यागी, यातायात प्रभारी प्रमोद यादव और सदर चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।