हरदोई में नेक्सा शोरूम विवाद में श्वेता गुप्ता का पलटवार, वीपी प्रवीण की टिप्पणी पर जताई नाराजगी, बोली- कोई मुफ्त की चीज नहीं मांगी, जो पैसे दिए उसी के अनुरूप नई गाड़ी मांगी

हरदोई। मारुति सुजुकी के नेक्सा शोरूम में महिला ग्राहक से अभद्रता के मामले में वीपी प्रवीण सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पीड़िता श्वेता गुप्ता ने पलटवार किया है। प्रेम सिटी कॉलोनी, धियर महोलिया निवासी श्वेता ने कहा कि उनका सवाल सिर्फ इतना है कि 12 लाख रुपये खर्च करने और पूरा दिन खराब करने के बाद वह स्क्रैच वाली गाड़ी छोड़कर खाली हाथ घर लौट आईं।
उन्होंने वीपी प्रवीण सिंह की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने उनके बारे में कहा कि वह कार का रंग, मॉडल और नई गाड़ी मांग रही थी। श्वेता ने कहा कि वह एक सभ्य गुप्ता परिवार से हैं। उन्होंने शोरूम से कोई मुफ्त चीज नहीं मांगी, बल्कि जिस गाड़ी के लिए पैसे दिए थे, उसी के अनुरूप नई गाड़ी की मांग की थी। उन्होंने प्रवीण सिंह से अपनी भाषा सुधारने और भविष्य में किसी महिला के लिए इस तरह की टिप्पणी न करने की अपील की।
श्वेता के मुताबिक, गाड़ी की डिलीवरी लेने पहुंचने पर पूजा-पाठ हो चुका था, तभी उन्हें गाड़ी पर स्क्रैच दिखाई दिया। उन्होंने गाड़ी लेने से इनकार करते हुए अक्टूबर महीने की नई गाड़ी मांगी। इसी बात को लेकर शोरूम प्रबंधन का रवैया बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवीण सिंह ने उनके पति से कहा कि उन्हें उन पर बिल्कुल भरोसा नहीं है। श्वेता का कहना है कि इस दौरान किसी ने उनसे माफी भी नहीं मांगी और प्रबंधन का रवैया लगातार अड़ियल बना रहा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शोरूम में उनसे कॉल सेंटर का फोन आने पर अच्छी रेटिंग देने को कहा गया। श्वेता ने कहा कि वह अपने अनुभव के अनुसार ही प्रतिक्रिया देंगी। उन्होंने बताया कि सेल्समैन हिमांशु की इसमें गलती नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी शोरूम के ऑनर और एमडी की है।
श्वेता ने आरोप लगाया कि उनके सामने मणिरत्नम नाम के ग्राहक को गालियां देकर धक्का दिया गया और दोबारा शोरूम में न दिखने की चेतावनी दी गई। अंत में उन्होंने महिलाओं से अपील की कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और अभद्र टिप्पणियां न की जाएं।