हरदोई में ग्राहक को पुरानी कार देने के मामले में खबर का असर, नेक्सा ने श्वेता गुप्ता को दी नई ग्रैंड विटारा, वीपी ने मानी गलती, अभद्रता पर कार्रवाई की मांग

हरदोई। शहर स्थित नेक्सा शोरूम में छह महीने पुरानी और डेंट लगी ग्रैंड विटारा की डिलीवरी किए जाने के मामले में खबर प्रकाशित होने के बाद शोरूम प्रबंधन ने ग्राहक को नई गाड़ी उपलब्ध करा दी है। नेक्सा के वाइस प्रेसिडेंट ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि ग्राहक हमेशा सही होता है। वहीं, पीड़िता श्वेता गुप्ता ने मीडिया का आभार जताते हुए अपने साथ हुई अभद्रता पर कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि श्वेता गुप्ता ने आरोप लगाया था कि उन्होंने ग्रैंड विटारा खरीदने के लिए बैंक के माध्यम से भुगतान करने के साथ करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद जमा किए थे। डिलीवरी के समय पूजा-पाठ और अन्य तैयारियां भी पूरी हो चुकी थी। इसी दौरान गाड़ी में डेंट दिखाई दिया। फॉर्म-21 देखने पर पता चला कि गाड़ी मई महीने की बनी थी, जबकि अक्टूबर में डिलीवरी दी जा रही थी। इस पर उन्होंने गाड़ी लेने से इनकार कर दिया था। उनके पति राजीव गुप्ता ने शोरूम और मालिक संजीव अग्रवाल को कानूनी नोटिस भी भेजा था।
मामले में पत्रकारों ने नेक्सा के वाइस प्रेसिडेंट प्रवीण सिंह से पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने पहले जानकारी लेकर जवाब देने की बात कही, लेकिन उस समय कोई विस्तृत पक्ष नहीं रखा। खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कंपनी और शोरूम प्रबंधन को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई।
इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाइस प्रेसिडेंट ने बताया कि श्वेता गुप्ता से बातचीत की गई और उपलब्ध गाड़ियों में से विकल्प देने के साथ छह-सात दिनों में समान रंग की नई गाड़ी मंगाने का प्रस्ताव भी दिया गया। अब श्वेता को नई गाड़ी उपलब्ध करा दी गई है। हालांकि, उन्होंने अपने साथ हुई अभद्रता पर कार्रवाई की मांग उठाई है। मामले ने ग्राहक सम्मान और महिला सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।